
बीजेपी के कद्दावर नेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कमल की सवारी छोड़कर हाथ में लालटेन टांग लिया है । पटना साहिब से बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि अब उनका सियासी डगर बदल गया है। अब वो महागठबंधन को मजबूत करेंगे।
आरजेडी में शामिल होंगे शत्रुघ्न सिन्हा
नवरात्र के मौके पर सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बीजेपी से अपना रास्ता अलग करते हुए आरजेडी का दामन थामने का एलान कर दिया। सप्तमी पूजा के मौके पर पटना के डाकबंगला पूजा पंडाल में देवी दर्शन को पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा ने तेजस्वी यादव के माथे पर तिलक लगाते हुए विजयी भव का आशीर्वाद भी दे डाला।

‘उम्मीद है कि तेजस्वी बिहार को आगे ले जाएंगे’
शत्रुघ्न इसके साथ ही पिछले रमजान महीने में तेजस्वी के आवास पर आयोजित इफ्तार दावत में भी शामिल हुए थे। शत्रुघ्न ने इस अवसर पर कहा था, ‘तेजस्वी युवा हैं और नेतृत्व के गुणों से संपन्न हैं। मेरी शुभकामनाएं और आशीर्वाद उसके साथ हैं और इसलिए उनका ‘राज्याभिषेक’ किया है। उम्मीद है कि वह बिहार को आगे ले जाएंगे।’ अब पटना के दुर्गा पंडाल में शत्रुघ्न ने तेजस्वी को आशीर्वाद देकर इस अवसर पर एक पुराने हिंदी गीत की लाइनें ‘अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों…’ गाईं।
इधर, सियासी अटकलों के बीच तेजस्वी ने कहा, ‘शत्रुघ्न सिन्हा मेरे लिए अभिभावक की तरह हैं। वह मेरे पिता के पुराने दोस्त हैं। मैं उनके आशीर्वाद और मुझसे उनकी जो उम्मीदें लगी हुई हैं, उसके लिए अनुग्रहित हूं।’ शत्रुघ्न और तेजस्वी बाद में एक अन्य पूजा पंडाल गए और वहां पूजा-अर्चना की।