
बिहारशरीफ का गढ़पर मोहल्ला गोलियों की आवाज से थर्रा उठा.. गोली की आवाज सुनते ही अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि विवाद बाइक की खड़ी करने को लेकर हुआ । पहले दो युवकों में कहासुनी हुई । फिर मारपीट और उसके बाद फायरिंग । इस मामले में पीड़ित पिंटू कुमार ने बिहार थाने में मुकदमा दर्ज कराया है । एफआईआर के मुताबिक गढ़पर बड़ी मंदिर के पास गली में एक बाइक खड़ी थी। बाइक के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। जिसके बाद पिंटू ने अपने पड़ोसी से बाइक साइड करने को कहा। जिसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर वो मारपीट पर उतर आया । हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से मामला शांत हुआ। लेकिन थोड़ी ही देर बाद कुछ हथियारबंद युवक बाइक पर आए और हवाई फायरिंग करने लगे। लोगों की माने तो दो राउंड फायरिंग हुई है। गोली चलाने के बाद बदमाश फरार हो गये। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। थानाध्यक्ष केशव कुमार मजूमदार ने बताया कि अमन कुमार और सोनू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है । उनका कहना है कि मारपीट हुई है लेकिन गोलीबारी नहीं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।