
उत्पाद विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर 102 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त की है। हालांकि कोई भी धंधेबाज को उत्पाद विभाग की टीम नहीं पकड़ पाई। लेकिन उत्पाद विभाग ने बरमा गांव के सोनू कुमार पर शराब की तस्करी का शक जताया है।
कहां हुई छापेमारी
शेखपुरा के उत्पाद अधीक्षक विपिन कुमार के मुताबिक देर रात उन्हें फोन पर सूचना मिली कि शेखपुरा थाना के सिरारी-चेवाड़ा रोड में बरमा गांव के पास अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप उतारी जा रही है। ये सुनते ही उत्पाद अधीक्षक दल-बल समेत आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। परंतु तब तक शराब की खेप उतार कर वाहन रवाना हो चुका था। वहीं उत्पाद विभाग की जीप की लाइट देख तस्कर भी फरार हो गया। टीम को मौके से 102 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। इसमें कुछ शराब की बोतलें 750 एमएल की और कुछ 375 एमएल तथा कुछ बोतल 180 एमएल की है। इस बाबत उत्पाद अधीक्षक विपिन कुमार ने आशंका जताई है कि बाहर से किसी बड़े वाहन से यहां सड़क किनारे शराब की खेप उतारी गई और गांव में छिपाई जा रही थी। अब उत्पाद विभाग शराब तस्कर का पता लगाने में जुट गया है।