
बिहार में दरभंगा के जिला परिवहन अधिकारी यानी डीटीओ राजीव कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने परिवहन विभाग के प्रधान सचिव को अपना इस्तीफा भेज दिया है।
सम्मान से समझौता नहीं
डीटीओ राजीव कुमार ने अपने त्यागपत्र में लिखा है कि कर्तव्य का पालन करने में मैं आत्मसम्मान, स्वाभिमान और गरिमा की रक्षा करने में असमर्थ हूं. ऐसी परिस्थिति में नौकरी कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है इसलिए पद से इस्तीफा दे रहा हूं. उन्होंने अपना त्यागपत्र सामान्य प्रशासन विभाग को भी भेज दिया है.

क्यों दिया इस्तीफा
दरसअल कुछ दिन पहले डीटीओ ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दिलीप कुमार और कनीय अभियंता की कार और बाइक को उनके आवास से जब्त कर लिया था और लहेरियासराय थाने पर लगवा दिया था. इसके बाद से भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं डीटीओ के बीच आन-बान की लड़ाई चल रही थी.
DM के आदेश पर छूटी थी गाड़ियां
इसके बाद दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एमएस के निर्देश के बाद कार्यपालक अभियंता के चार चक्का वाहन को थाना से मुक्त करवाया गया था. इससे पहले सरकारी आवासीय परिसर की मरम्मत को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. बता दें कि राजीव कुमार 2011 में बिहार प्रशासनिक सेवा में चुने गए थे.