
बिहार के उभरते हुए निशानेबाज प्रियांशु कुमार चौरसिया की दिल्ली के एक होटल में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई. प्रियांशु नवादा का रहने वाला था. उसके मौत की खबर सुनते ही नवादा स्थित जेल रोड मकान में कोहराम मच गया.
कोच के साथ गया था दिल्ली
प्रियांशु का चयन नेशनल टीम में हुआ था। जिसके बाद राष्ट्रीय इवेंट में हिस्सा लेने के लिए वो अपने कोच के साथ दिल्ली गया था. जहां वो अपने कोच के साथ दिल्ली के होटल कलेक्शन ओयो में ठहरा था. बताया जा रहा है कि होटल में नहाने के दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई. प्रियांशु के चाचा मनोज चौरसिया के मुताबिक उनके पास दिल्ली से फोन आया कि जिस होटल में प्रियांशु ठहरा हुआ था वहां बाथरूम में नहाने के दौरान गीजर में विद्युत प्रवाहित होने से उसकी मौत हो गई.
अस्पताल में तोड़ा दम
करंट लगने के बाद उसे आनन-फानन में दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया । जहां उसने दम तोड़ दिया । घरवालों ने उसकी मौत के पीछे बड़ी साजिश बताया।करंट से मौत की बात घरवालों को पच नहीं रही है ।
गांव में पसरा मातम
प्रियांशु नवादा जिला के पकरीबरावां प्रखंड के छतरवार गांव का रहने वाला था. जैसे ही उसके मौत की खबर गांववालों को पता चला गांव में मातम छा गया.
नेशनल टीम के लिए हुआ था चयन
प्रियांशु कई बार अपने कौशल का परिचय दे चुका है. केरल के तिरूवनंतपुरम में भाग लेने देश भर के 56 सौ प्रतिभागियों में प्रियांशु ने परचम लहराया था जिसके बाद नेशनल टीम के लिए चयन हुआ था. पिछले साल तिरूवनंतपुरम में परचम लहराने वाला निशानेबाज प्रियांशु देहरादून के लूसैन्ट में पढ़ाई करता था। वो 14 साल की उम्र में ही कई गोल्ड मेडल जीत चुका था. पिछले साल 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करके नवादा ही नहीं पूरे बिहार का नाम रोशन किया था
ओलम्पियाड खेलने का सपना अधूरा रह गया
प्रियांशु अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए ओलम्पियाड खेलने का सपना संजोये था.
सोशल मीडिया पर भी प्रियांशु एक्टिव था. अपनी जीत और नाकामी दोनों को वह अपने पोस्ट के माध्यम से लोगों को जानकारियां देता रहता था. उसके फेसबुक पेज पर राइफल के साथ उसने कई फ़ोटो भी पोस्ट किए थे जो दर्शाता था कि शूटिंग के प्रति उसमें जबर्दस्त जुनून था और उसे हासिल करने के लिए वो कड़ी मेहनत भी कर रहा था.