
नालंदा जिला में पचास साल के दूल्हा को शादी करना महंगा पड़ गया। शादी की रस्में चल रही थी तभी पुलिस आ धमकी। पुलिस ने 50 साल के दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया।
पूरा मामला समझिए
50 साल का दूल्हा यूपी के लखीमपुर खीरी के अमनालाल का रहने वाला है। वो शादी के लिए करीब हजार किलोमीटर का सफर तय कर नालंदा जिला के हिलसा पहुंचता है। वो कोर्ट में शादी करना चाहता था। लेकिन लड़की नाबालिग थी इसलिए कोई भी वकील हिलसा कोर्ट में शादी कराने को तैयार नहीं हुआ। ऐसे में उसने मंदिर में शादी रचाने की ठानी। वो लड़की को लेकर हिलसा कोर्ट में ही स्थित शिव मंदिर में पहुंचा। शादी की तैयारियां भी शुरू हो गई। लेकिन ऐन वक्त पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी दूल्हा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही लड़की के रिश्तेदारों को भी धर दबोचा। हालांकि घरवाले लड़की को बालिग बता रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इसका सर्टिफेटक दें उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। दरअसल, लड़की नाबालिग है और चंडी थाना के एक गांव की रहनेवाली है। बताया जा रहा है कि बचपन में ही लड़की की मां का निधन हो गया था। ऐसे में उसकी मौसी ने उसकी शादी एक अधेड़ से करवा रही थी।